बाल दिवस पर पचावल में बालिका शौचालय का शुभारंभ, बच्चों ने किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
बाल दिवस पर पचावल में बालिका शौचालय का शुभारंभ, बच्चों ने किया लोकार्पण


बलरामपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत रामचंद्रपुर की ग्राम पंचायत पचावल में बाल दिवस के अवसर पर बालिका शौचालय का शुभारंभ किया गया। जनपद अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह की उपस्थिति में स्कूली बच्चों ने स्वयं इसका लोकार्पण किया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक शौचालय सुविधा उपलब्ध कराना है।

जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रणवीर साय ने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए बालिकाओं की सुविधा के लिए यह शौचालय तैयार किया गया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी जी रामजी) तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में कुल 45 बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने वीबी जी रामजी योजना की विशेषताओं पर आधारित प्रस्तुति दी। बच्चों ने बताया कि यह योजना ग्रामीण परिवारों की आजीविका मजबूत करने और गांवों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीण रोजगार को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के साथ टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, कृषि उत्पादकता में वृद्धि, आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस अवसर पर अतिथियों ने बालिकाओं को स्वच्छता, शिक्षा और आत्मसम्मान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन पर पचावल को बालिका-अनुकूल, स्वच्छ और विकसित पंचायत बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान जनपद उपाध्यक्ष, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीडीसी सदस्य, सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचगण सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story