निवर्तमान सीईओ जिला पंचायत को दी गई विदाई
जगदलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। बस्तर जिले के निवर्तमान सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन को स्थानीय एक निजी होटल में आज शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थ सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी ने इस अवसर को और भी गरिमामयी बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने निवर्तमान सीईओ जिला पंचायत के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने प्रतीक जैन के धैर्य और प्रशासनिक कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने कई कठिन चुनौतियों का सामना मुस्कान के साथ कर दिखाया और अनेक सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, साथ ही नवपदस्थ सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना के प्रति विश्वास जताते हुए उम्मीद की कि वे जिले के ग्रामीण विकास को नई दिशा देंगे।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि प्रतीक जैन ने एनआरडीए एवं जीएसटी में पदस्थापना के दौरान पहले से ही अपनी प्रशासनिक कुशलता से अमिट छवि बना चुके थे, और फिर बस्तर में पदस्थापना के बाद अपनी शांत-सहज शैली के साथ उल्लेखनीय दायित्व निभाई। बीते करीब डेढ़ साल में अनेक आयोजन में उनकी प्रशासनिक कौशल स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए सीईओ जिला पंचायत भी बस्तर जिले की समग्र विकास सहित अन्य प्रमुख कार्यों को एक नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सीपी बघेल सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग एवं नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि निवर्तमान सीईओ जिला पंचायत के साथ काम करना एक सुखद अनुभव रहा, उनकी प्रशासनिक कुशलता के फलस्वरूप हर समस्या का समाधान भी आपसी विमर्श से निकाला गया।
कार्यक्रम में निवर्तमान सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन अपने कार्यकाल के खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि इस जिले में बिताया गया समय उनके जीवन का अमूल्य हिस्सा है और बस्तर उन्हें हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों और विशेषकर जिले की जनता से मिले अपार स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नव पदस्थ सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना ने सभी का आभार मानते हुए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि प्रतीक जैन के द्वारा शुरू किए गए कार्यों को अवसर के तौर पर अनवरत रूप से जारी रखेंगे। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी कार्यशैली टीम भावना पर आधारित होगी और शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका ध्येय होगा।
इस गरिमामयी आयोजन में सहायक कलेक्टर यशवंत सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान जिला प्रशासन परिवार द्वारा निवर्तमान सीईओ जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों सहित तहसीलदार, जनपद सीईओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

