रायपुर में जिला स्तरीय रोजगार मेला 15 को, 426 पदों पर होगी भर्ती

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 15 अक्टूबर (हि. स.)। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा 16 अक्टूबर को शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बैरन बाजार, रायपुर में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

रोजगार मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें छह नियोजक कंपनियों द्वारा कुल 426 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की उपसंचालक पुष्पा चौधरी ने बताया कि, रोजगार मेले में एलएक्सईआर कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड, आईकैमेट एचआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, आर.एस. इंक., शांता टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड, एसएल फाइनेंशियल सर्विसेज एंड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड तथा इंडिया हेल्प पॉइंट डॉट कॉम सहित कुल छह नियोजक शामिल होंगे।

इन कंपनियों में आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक उत्तीर्ण तथा आईटीआई, डिप्लोमा एवं इंजीनियरिंग सहित विभिन्न शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताएं रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 30,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थियों को ‘छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित तिथि एवं समय पर शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बैरन बाजार, रायपुर में उपस्थित होना होगा। साथ ही रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा तथा सभी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लाना आवश्यक है।

जिला स्तरीय रोजगार मेला अभ्यर्थियों एवं नियोजकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क है। रिक्त पदों की संख्या, निर्धारित योग्यता, वेतनमान एवं कार्यस्थल से संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in, ‘छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप’ अथवा जिला रोजगार कार्यालय, रायपुर से प्राप्त की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story