कोरबा: सेवा संकल्प शिविर में 287 श्रमिक परिवारों को मिली 57.40 लाख रुपये की सहायता, मंत्री लखनलाल देवांगन ने बांटे चेक

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा: सेवा संकल्प शिविर में 287 श्रमिक परिवारों को मिली 57.40 लाख रुपये की सहायता, मंत्री लखनलाल देवांगन ने बांटे चेक


कोरबा, 10 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शनिवार को बालको जोन कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने 287 हितग्राहियों को कुल 57 लाख 40 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना और असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को यह आर्थिक सहायता दी गई।

श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत 233 हितग्राहियों को प्रति हितग्राही 20 हजार रुपये की दर से कुल 46 लाख 60 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं, असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के तहत 54 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये के हिसाब से कुल 10 लाख 80 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। दोनों योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर में एक ही स्थान पर शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने से हितग्राहियों को सुविधा मिली। इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र श्रमिक परिवारों तक आर्थिक सहायता पहुंचाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की पहल की जा रही है।

आर्थिक सहायता प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। इस पहल से जरूरतमंद श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही बेहतर भविष्य की उम्मीद भी मजबूत हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story