चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ को लेकर कोरबा जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी

WhatsApp Channel Join Now

कोरबा, 19 नवंबर (हि. स.)। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट अनुसार 20 एवं 21 नवंबर को कोरबा जिले में हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा और तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रभारी कलेक्टर ने कहा है कि, नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की व्यवस्था पहले से तैयार रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संभावित जलभराव, नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर, तेज हवा और पेड़ अथवा बिजली के तार गिरने जैसी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि, 20 एवं 21 नवंबर को पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और कोटवार अपने-अपने पंचायत मुख्यालयों में उपस्थित रहें। कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जर्जर मकानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की सूचना दी जाए। पंचायत भवनों और सुरक्षित स्कूल भवनों को जरूरत पड़ने पर राहत केंद्र के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखा जाए तथा नालियों की सफाई कराई जाए। जर्जर कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों को नदी-नालों के तटीय तथा निचले इलाकों में संभावित निकासी और राहत व्यवस्था की समीक्षा तत्काल करने के निर्देश दिए गए हैं। राहत केंद्रों में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था रखी जाएगी। महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को राहत पहुंचाने में प्राथमिकता दी जाएगी। पटवारियों को अपने हल्के में उपस्थित रहने तथा किसी भी क्षति की स्थिति में राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रकरण तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्य, विपणन और सहकारिता विभाग को धान उपार्जन केंद्रों में खुले में रखे धान को चबूतरों पर व्यवस्थित रखने और कैप कवर अथवा तिरपाल से पूरी तरह ढंकने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों में पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी और धान का उठाव तेज किया जाएगा। किसानों को भी सूचना दी जाएगी कि वे उपार्जन केंद्र में धान लाते समय उसे अच्छी तरह ढंककर लाएं। कृषि विभाग किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रखने की सलाह देगा। निचले क्षेत्रों में रखे पशुधन को भी सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन ने नागरिकों से अपील की है कि, मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान दें और नदी-नालों, रपटों तथा जलभराव वाले मार्गों से आवागमन न करें। तेज हवा और वर्षा के दौरान जर्जर मकानों, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा तारों के पास न रुकें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story