जनता के मुद्दे उठाने पर विपक्ष को बनाया जा रहा निशाना : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
जनता के मुद्दे उठाने पर विपक्ष को बनाया जा रहा निशाना : कांग्रेस


धमतरी, 24 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम में भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर आवाज उठाने के कारण विपक्ष को निशाना बनाए जाने का आरोप कांग्रेस पार्षद दल ने लगाया है। मंगलवार को राजीव भवन में प्रेसवार्ता कर पार्षदों ने डीजल घोटाले, सीसी रोड की जांच और दूषित पेयजल सहित कई मुद्दे उठाए। उन्होंने शिकायतों और नोटिस को राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताया।

नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र देवांगन (विशु) एवं पार्षद योगेश लाल ने बताया कि 30 जुलाई 2025 को आरटीआइ से मिले दस्तावेजों के आधार पर कथित डीजल घोटाले का खुलासा किया गया था। इसमें पल्सर दोपहिया वाहन के नाम पर लाखों रुपये के डीजल भुगतान का मामला उठाया गया। इसके बाद अलग-अलग जिलों में विशु देवांगन के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग को लेकर शिकायतें की गई। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश बताया।

पार्षदों ने कहा कि सात सूत्री मांगों को लेकर दिसंबर 2025 में सात दिवसीय धरना दिया गया। वहीं 21 जुलाई 2026 को पट्टाविहीन परिवारों को आवास का लाभ दिलाने के लिए निगम का घेराव किया गया। शहर के करीब दो हजार परिवार अब भी आवास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कचरा रिक्शों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए।

पार्षदों का आरोप है कि इन मुद्दों को उठाने के बाद भी निगम प्रशासन ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।कांग्रेस नेताओं ने बताया कि दो नवंबर को सोरिद, जोधापुर, डाकबंगला और टीकरापारा में दूषित पेयजल की आपूर्ति के विरोध में महापौर कक्ष में गंदा पानी रखकर जवाब मांगा गया था। इसके दो दिन बाद उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन को नोटिस जारी किया गया। वहीं सोरिद की सीसी रोड की जांच पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने कहा कि पहली जांच में सड़क मानक के अनुरूप थी, लेकिन दूसरी रिपोर्ट आने से पहले ही महापौर ने उसे घटिया बता दिया था। पार्टी ने जांच के तकनीकी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।

कांग्रेस पार्षद दल ने कहा कि नोटिस और दबाव के बावजूद वे जनसमस्याएं उठाते रहेंगे। इस दौरान ब्लाक कांग्रेस शहर अध्यक्ष द्वय योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, पूर्व पार्षद गजानंद रजक, गीताराम सिन्हा, कन्हैया सोनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782670 Articles

Share this story