सिंगपुर को कुकरेल तहसील में शामिल करने का विरोध, मगरलोड में यथावत रखने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सिंगपुर को कुकरेल तहसील में शामिल करने का विरोध, मगरलोड में यथावत रखने की मांग


धमतरी, 16 नवंबर (हि.स.)। ग्राम पंचायत सिंगपुर को कुकरेल तहसील में शामिल किए जाने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया है। सोमवार को ग्राम सिंगपुर के ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर गांव को मगरलोड तहसील एवं विकासखंड में ही यथावत रखने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि तहसील बदलने से उन्हें शासकीय कामकाज के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी। वहीं इस संबंध में ग्राम पंचायत से कोई सहमति भी नहीं ली गई है।

ग्राम पंचायत सिंगपुर के सरपंच लोमेश्वर साहू ने बताया कि सिंगपुर को कुकरेल तहसील एवं विकासखंड में शामिल किए जाने की जानकारी मिली है। इसके संकेत प्रशासनिक कामकाज में भी दिखने लगे हैं। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के दौरान तहसील के रूप में कुकरेल दर्ज हो रहा है। कुछ महीने पहले जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण भी कुकरेल तहसील में आयोजित किया गया था।

उन्होंने कहा कि गांव को दूसरी तहसील में शामिल करने से पहले ग्राम पंचायत से किसी तरह की सहमति नहीं ली गई है। ग्राम पटेल जितेंद्र गंगासागर ने बताया कि सिंगपुर से मगरलोड की दूरी लगभग 22 किलोमीटर है, जबकि कुकरेल करीब 40 किलोमीटर दूर है। ऐसे में कुकरेल तहसील में शामिल होने पर ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कामकाज के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी।

जनपद पंचायत और अन्य शासकीय कार्यालयों से जुड़े कामों में भी परेशानी बढ़ेगी। इससे ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि भौगोलिक स्थिति और ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए सिंगपुर को मगरलोड तहसील एवं विकासखंड में ही रखा जाना चाहिए। इस दौरान ग्रामीण मानसिंह यादव, रोहित कुमार ध्रुव, विदेशी राम नेताम, कल्याण कौशल, नवीन बागड़े, ईश्वर कंवर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story