गौ हत्या के विरोध में एकजुट हुआ सर्व सनातन समाज, 14 नवंबर को सौंपेंगा ज्ञापन
बीजापुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में गौ माता की कथित हत्या और गोवंश की अवैध तस्करी एवं मांस बिक्री के मामले को लेकर सर्व सनातन समाज नें आज शनिवार काे गायत्री शक्तिपीठ बीजापुर में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संगठनों एवं समाज प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौ हत्या पर रोक लगाने, मामले में फरार बताए जा रहे आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर सामूहिक रूप से आवाज उठाने का निर्णय लिया गया। बैठक में दिव्य जीवन संघ, गायत्री परिवार, मारवाड़ी समाज, हनुमान मंदिर समिति, शिव मंदिर समिति, दुर्गा मंदिर समिति सहित यादव समाज,ब्राह्मण समाज, आदिवासी समाज, जैन समाज, विहंगम योग, व्यापारी संघ, ब्रह्मकुमारी संस्था, साहू समाज, आर्ट ऑफ लिविंग, गौ पालकों की उपस्थिति हुई।जिले में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 14 नवंबर 2026 को सर्व सनातन समाज एवं सभी संबंधित सामाजिक, धार्मिक संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में नामजद फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, गौ हत्या की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा जिले में गोवंश की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की जाएगी। बैठक में उपस्थित समाज प्रमुखों ने कहा कि गौ माता की रक्षा के लिए सभी समाजों और संगठनों को एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से प्रयास करना चाहिए। प्रशासन से भी अपेक्षा जताई गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
बीजापुर थाना में इस मामले को लेकर 20 अक्टूबर 2026 को एफआईआर क्रमांक 0090 दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता जयपाल सिंह राजपूत द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 305(ए), 111(1) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5 एवं 10 के तहत एलम कमलेश, कोरसा सननू , कोरसा साते,संतोष दुर्गम, उरस लखमू , सुदरु पूनम पर अपराध पंजीबद्ध किया है। वही बीजापुर कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया तत्काल कार्यवाही करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया 02 फरार है जिनकी तलाशी जारी है बहुत जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घर में दुग्ध उत्पादन के लिए रखे गए गोवंश में से गायों की चोरी कर उनका वध किया गया तथा मांस बिक्री की गई। शिकायत में छह व्यक्तियों के नाम आरोपियों के रूप में दर्ज हैं। चोरी हुई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 70 हजार रुपये बताया गया है। मामले में पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

