मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन कराने 11 दिसंबर तक मौका
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से भी लिए जाएंगे अग्रिम आवेदन
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू
धमतरी, 21 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 शुरू हो गया है। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका है। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक जिले के सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। इसके अलावा नाम, पता सहित अन्य प्रविष्टियों में संशोधन और अपात्र नामों के विलोपन के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 56 सिहावा, 57 कुरूद एवं 58 धमतरी के सभी मतदान केंद्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों एवं अभिहित अधिकारियों द्वारा यह कार्य किया जा रहा है। नागरिक अपने नजदीकी मतदान केंद्र में पहुंचकर नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 और संशोधन के लिए प्रारूप-8 में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत ऐसे युवा, जो एक अप्रैल, एक जुलाई एवं एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे, उन्हें भी अग्रिम आवेदन की सुविधा दी गई है। ऐसे युवाओं के आवेदन निर्धारित अवधि में लिए जाएंगे और 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार साप्ताहिक दावा-आपत्तियों की जानकारी निर्धारित प्रारूप-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय तथा जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम जुड़वाने के साथ ही नाम, पता एवं अन्य प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन कराएं। वहीं स्थानांतरित हो चुके अथवा मृत मतदाताओं के नाम नियमानुसार विलोपित कराने में भी सहयोग करें। पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

