एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रविशंकर नगर से दादर रोड तक हुआ वृक्षारोपण

WhatsApp Channel Join Now
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रविशंकर नगर से दादर रोड तक हुआ वृक्षारोपण


कोरबा, 21 अगस्त (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शुक्रवार को कोरबा के पं. रविशंकर नगर जोन अंतर्गत गरिमा मेडिको से दादर रोड स्थित मलिक भवन तक सघन वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वन विभाग के सहयोग से 18 जुलाई से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण किया जा रहा है।

शुक्रवार को आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपायुक्त नीरज कौशिक, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, संतोष यादव, मनमोहन, फिरतु, गोपी, अमर सिंह सहित अन्य नागरिकों ने पौधे लगाए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की प्रतिबद्धता जताई।

नगर निगम द्वारा अभियान के माध्यम से शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story