एक लाख से अधिक छुट्टा गौवंश सड़कों पर, सवा दो साल में बने केवल तीन गौधाम : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
एक लाख से अधिक छुट्टा गौवंश सड़कों पर, सवा दो साल में बने केवल तीन गौधाम : कांग्रेस


रायपुर, 15 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार की गौधाम योजना को लेकर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने रविवार काे बयान जारी कर योजना को हवा-हवाई बताते हुए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सवा दो साल में केवल तीन गौधाम बन पाए हैं, जबकि प्रदेश में एक लाख से अधिक छुट्टा गौवंश सड़कों पर भटक रहे हैं।

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार खुद मान रही है कि प्रदेश में एक लाख 84 हजार 993 से अधिक छुट्टा घुमन्तु गौवंश हैं, जिनका कोई मालिक नहीं है। इसके बावजूद सवा दो साल में केवल 11 गौधाम का पंजीयन हुआ और उनमें से भी सिर्फ तीन गौधाम ही बन पाए हैं।

गौधाम की क्षमता करीब 200 पशुओं की है, ऐसे में अभी तक मात्र 600 पशुधन को ही संरक्षण मिल पाया है, जबकि बाकी एक लाख 84 हजार से अधिक पशुधन सड़कों पर भूखे-प्यासे भटक रहे हैं और दुर्घटनाओं व खुली चराई का कारण बन रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते कांग्रेस सरकार के समय बनाए गए गौठानों की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में 10 हजार से अधिक गौठान बनाए थे, जिनमें से 7 हजार से अधिक गोठान आत्मनिर्भर थे। इनका संचालन महिला स्व-सहायता समूह और गौठान समितियां करती थीं। गांवों में पैरा दान की व्यवस्था से पशुधन को डे-केयर की तरह संरक्षण मिलता था, लेकिन भाजपा सरकार ने इन गौठानों में ताला लगाकर न सिर्फ पशुधन के साथ अन्याय किया है बल्कि महिला स्व-सहायता समूहों से रोजगार भी छीन लिया है। गौठान बंद होने से किसानों को भी खुली चराई से फसलों को बचाने में परेशानी हो रही है.

धनंजय सिंह ठाकुर ने गौधाम योजना के आर्थिक प्रावधानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने गौधाम में प्रति पशु प्रतिदिन सिर्फ 10 रुपये चारा के लिए निर्धारित किए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर 10 रुपये में कौन सा चारा मिलेगा और इससे पशुधन को भरपेट भोजन कैसे दिया जा सकेगा। उनके मुताबिक इतनी कम राशि में चारा उपलब्ध कराना व्यवहारिक नहीं है और यह निर्णय हास्यास्पद है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सरकार 1460 गौधाम बनाने का दावा कर रही है और प्रत्येक गौधाम के लिए 5 एकड़ चारागाह जमीन देने की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि अब तक कितने स्थानों पर चारागाह के लिए जमीन की व्यवस्था की गई है। कांग्रेस का आरोप है कि यह योजना सिर्फ विज्ञापनबाजी तक सीमित है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गौधाम योजना का असली उद्देश्य पशुधन संरक्षण नहीं बल्कि भाजपा के लोगों को लाभ पहुंचाना है। धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि इस योजना के जरिए कुछ लोगों को सरकारी जमीन देने और उन्हें फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, जबकि वास्तविक लाभ पशुधन या किसानों को नहीं मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story