केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा हाटकचोरा में एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा हाटकचोरा में एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन


जगदलपुर, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, जगदलपुर द्वारा हाटकचोरा में आज शनिवार काे एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पांडे थे। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद राकेश मौर्य एवं सुशीला बघेल, हाटकचोरा के वरिष्ठ नागरिक एप्पल नायडू तथा महिला पतंजलि योग समिति छत्तीसगढ़ की राज्य कार्यकारिणी सदस्य मान कोर्राम विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

अपने उद्बोधन में महापौर संजय पांडे ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक शाला हल्बाकोट के प्रधान अध्यापक प्रमोद पांडे, शिक्षिका शाहिना बेगम तथा शिक्षिका कुमारी हर्षलता भास्कर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने सहभागिता की। महिला पतंजलि योग समिति, जगदलपुर की सदस्याएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं और उन्होंने योगाभ्यास कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी बीएस ध्रुव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शशांक श्रीधर शेन्डे द्वारा किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story