डुबान क्षेत्र के बच्चों को मिला नया आसमान, शैक्षणिक भ्रमण बना यादगार अनुभव

WhatsApp Channel Join Now
डुबान क्षेत्र के बच्चों को मिला नया आसमान, शैक्षणिक भ्रमण बना यादगार अनुभव


डुबान क्षेत्र के बच्चों को मिला नया आसमान, शैक्षणिक भ्रमण बना यादगार अनुभव


धमतरी, 07 अप्रैल (हि.स.)। डुबान प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके भीतर नई संभावनाओं के द्वार खोलने की दिशा में जिला प्रशासन की एक अनूठी पहल सामने आई है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में मंगलवार को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत अरौद बारबांध, उरपुटी और पहरियाकोना के 40 विद्यार्थियों (30 बालिकाएं, 10 बालक) ने हिस्सा लिया।

यह भ्रमण न केवल बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके लिए एक यादगार अनुभव भी बन गया, जहां उन्होंने किताबों से परे वास्तविक दुनिया को करीब से जाना। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह हरफर से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों को गंगरेल ले जाया गया, जहां बोटिंग के माध्यम से गंगरेल डेम का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को डेम निर्माण, जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था और क्षेत्रीय महत्व की विस्तार से जानकारी दी गई। सीखने के साथ बच्चों ने बोटिंग का आनंद भी खूब उठाया। गंगरेल स्थित साइंस पार्क में विद्यार्थियों ने विज्ञान के सिद्धांतों को रोचक और प्रयोगात्मक तरीके से समझा। इसके बाद कोलियारी के मधुरिमा स्किल सेंटर में कौशल विकास गतिविधियों की जानकारी दी गई, जिससे बच्चों में रोजगारपरक सोच और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई। लाइवलीहुड कॉलेज के भ्रमण के दौरान विभिन्न ट्रेड्स और व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से उन्हें परिचित कराया गया, वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा आर-सेटी में उद्यमिता और वित्तीय साक्षरता से जुड़े पहलुओं को समझाया गया। भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों को कलेक्ट्रेट कार्यालय ले जाया गया, जहां उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों की भूमिका के बारे में बताया गया। अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरी ने बच्चों से संवाद कर उनके अनुभव सुने और जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस संवाद ने बच्चों में प्रशासन के प्रति समझ और जागरूकता बढ़ाई।

बच्चों ने साझा किए अनुभव:

देवेंद्र कुमार नेताम, वंदना मंडावी, विद्या यादव और नितेश कोर्राम सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पहली बार साइंस पार्क, लाइवलीहुड कॉलेज और विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों को देखा। गंगरेल में बोटिंग का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। बच्चों ने इस अवसर के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा का आभार व्यक्त किया।

डुबान क्षेत्र के लिए लगातार पहल जारी:

उल्‍लेखनीय है कि, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा हाल ही में उरपुटी सहित गंगरेल डुबान क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर चुके हैं। क्षेत्र में वाटर एम्बुलेंस की शुरुआत, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए लिंक कोर्ट सुविधा जैसे निर्णय भी लिए गए हैं।

अकलाडोंगरी में प्रत्येक शुक्रवार और बोरई में प्रत्येक गुरुवार को लिंक कोर्ट लगाए जाने के आदेश जारी किए जा चुके हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story