पहले दिन 614 किसानों ने बेचा पौने पांच करोड़ का धान
19683 क्विंटल धान की हुई खरीद, 17 फीसद से अधिक नमी वाले कई किसानों के धान काे केन्द्रों से वापस लौटाया गया
धमतरी, 15 नवंबर (हि.स.)। जिले के 108 खरीदी केन्द्रों में से 102 केन्द्रों में पहले दिन समर्थन मूल्य पर धान खरीद का शुभारंभ हुआ। पंजीकृत 614 किसानों ने 19683 क्विंटल धान बेचा। धान बिकने से इन किसानों के चेहरे खिल गए।
जिलेभर में करीब पौने पांच करोड़ रुपये के धान की खरीद की गई है। धान खरीद शुरू होने से खरीद केन्द्रों में पूरे दिन रौनक बना रहा। दूसरी ओर समर्थन मूल्य पर धान बेचने पहुंचने वाले कुछ किसानों के धान में 17 फीसद से अधिक नमी होने के कारण उन्हें वापस लौटा दिया गया। ऐसे किसानों के चेहरों में मायूसी छाई रही, उन्हें धान लेकर बैरंग लौटना पड़ा। वहीं जिले के छह खरीद केन्द्रों में बोहनी नहीं हो पाया है। इधर अवैध रूप से धान रखने वाले दो लोगों के पास से अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने 457 कट्टा अवैध धान जब्त कर कार्रवाई की है, इससे कोचियों, बिचौलिए व धान के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है। 15 नवंबर की सुबह से पंजीकृत टोकन कटा चुके किसान ट्रेक्टर-ट्राली, बैलगाड़ी, पिकअप समेत अन्य कई वाहनों में धान भरकर समर्थन मूल्य में बेचने के लिए खरीदी केन्द्रों में पहुंचे। यहां हमाल, तौलेय्या समेत केन्द्रों के अधिकारी-कर्मचारी किसानों द्वारा धान लाने का इंतजार कर रहे थे।
केन्द्रों में पहले दिन समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए धान पहुंचने से केन्द्रों में रौनक बढ़ गई। अंचल के खरीद केन्द्र भठगांव, साेरम, लोहरसी, अछोटा-भोयना, कुर्रा-बागतराई, पोटियाडीह समेत जिलेभर के 102 खरीद केन्द्रों में धान पहुंचने के बाद सुबह 10 से 11 बजे समितियों के पदाधिकारी, राजनीतिक पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता, किसान, मजदूर व हमालों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर समर्थन मूल्य पर धान खरीद का शुभारंभ किया। केन्द्रों में धान खरीद के लिए तौलाई शुरू हुई, तो धान बेचने पहुंचने वाले किसानों के चेहरे खिल गए। खरीद के पहले दिन केन्द्रों में लोगों की आवाजाही होती रही। जिला नोडल अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार खरीद के पहले दिन जिले के 102 केन्द्रों में 614 किसानों ने 19683 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा है। खरीदे गए धान की कीमत चार करोड़ 82 लाख दो हजार रुपये है। जिले के छह खरीद केन्द्रों में पहले दिन रविवार को धान खरीद की बोहनी तक नहीं हो पाई।बोहनी नहीं होने वाले खरीदी केन्द्रों में अमलीडीह, कपालफोड़ी, घुटकेल, बेलरबाहरा, भेंड्री और रिसगांव खरीदी केन्द्र शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

