आनलाइन टोकन से आसान हुआ धान विक्रय

WhatsApp Channel Join Now
आनलाइन टोकन से आसान हुआ धान विक्रय


खेती की कमाई से पक्का मकान बनाने का सपना देख रहे इलोक राम

धमतरी, 23 नवंबर (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद की व्यवस्था किसानों के लिए आर्थिक मजबूती का आधार बनने के साथ उनके सपनों को भी नई उड़ान दे रही है। ऑनलाइन टोकन सुविधा और उपार्जन केंद्रों में उपलब्ध किसान हितैषी व्यवस्थाओं से किसानों को अपनी उपज बेचने में काफी सहूलियत मिल रही है। इसका उदाहरण ग्राम खरतुली के किसान इलोक राम साहू हैं, जो खेती से होने वाली आमदनी के सहारे अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनाने का सपना संजो रहे हैं।

सेवा सहकारी समिति लोहरसी के अंतर्गत पंजीकृत इलोक राम साहू लगभग चार एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती करते हैं। इस वर्ष उन्होंने ऑनलाइन टोकन के माध्यम से धान विक्रय किया है। अब तक वे 20 क्विंटल धान बेच चुके हैं और शेष उपज के लिए उन्हें दूसरा टोकन भी मिल गया है, जिसके माध्यम से वे 22 क्विंटल धान का विक्रय करेंगे। उनका कहना है कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से घर बैठे ही धान बेचने की तारीख मिल जाती है। इससे समिति और उपार्जन केंद्र के चक्कर लगाने तथा अनावश्यक इंतजार करने से राहत मिलती है। उपार्जन केंद्र में पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त बारदाने और माइक्रो एटीएम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इससे किसानों को धान विक्रय के साथ जरूरी बैंकिंग लेनदेन में भी सहूलियत मिल रही है।

इलोक राम का परिवार माता-पिता, पति-पत्नी और स्कूल में पढ़ने वाले दो बच्चों से मिलकर बना है। वे बताते हैं कि पिछले तीन वर्षों से धान का अच्छा मूल्य मिलने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। पिछले वर्ष धान विक्रय से मिली राशि से उन्होंने पांच डिसमिल जमीन खरीदी है। अब उनका सपना है कि आने वाले कुछ वर्षों में इसी जमीन पर अपने परिवार के लिए एक सुंदर पक्का मकान बनाएं। इलोक राम की कहानी बताती है कि खेती से मिलने वाली आय का योजनाबद्ध उपयोग परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, बच्चों का भविष्य संवारने और अपने सपनों को पूरा करने का माध्यम बन सकता है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और ऑनलाइन टोकन जैसी सुविधाएं किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story