अफीम की खेती ढूंढने घर-घर खेत-खेत पहुंच रहे अधिकारी-कर्मचारी

WhatsApp Channel Join Now
अफीम की खेती ढूंढने घर-घर खेत-खेत पहुंच रहे अधिकारी-कर्मचारी


धमतरी, 23 मार्च (हि.स.)। दुर्ग सहित कुछ जिलों मे अफीम के फसल मिलने से छत्तीसगढ़ प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मादक फसलों को पनपने से रोकने प्रशासन सतर्क है। धमतरी जिले में भी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के आदेश पर कुरुद एसडीएम नभसिंग कोसले और तहसीलदार सूरज बंछोर की निर्देशन में राजस्व विभाग के पटवारी और क़ृषि विभाग के ग्राम सेवक जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर उनके साथ खेत खलियान और बाडियों में दबिश देते नजर आए।

ग्राम डांडेसरा में भी पटवारी वीरेंद्र बैस, ग्राम सेवक प्रेमलाल ठाकुर ने साेमवार काे सरपंच खुमेश्वरी साहू, ग्रामवासी अंगद चंद्राकर, रोजगार सहायक एमन्त कंवर, टिकेश्वर साहू, जगत साहू सहित कृषकों के साथ खेत खलियान व छोटी-छोटी बाड़ी का भी मौका निरीक्षण किया। खेत में अफीम, गांजा जैसे घातक मादक पदार्थों के पौधों की छानबीन की। विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि ऐसे फसलों का रोपण गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके लिए अभी एक संयुक्त सर्वे किया जा रहा है आने वाले समय में सतत यह निगरानी ज़ारी रहेगी साथ ही किसी को जानकारी होने पर तत्काल अपने हल्का पटवारी या क़ृषि विस्तार अधिकारी को सूचना देने संबंधी बात कही गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story