जिले के चार केंद्रों में नीट पुनर्परीक्षा 21 को, अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
धमतरी, 20 जून (हि.स.)। जिले में 21 जून को होने वाली नीट पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। जिले के चार केंद्रों पर कुल 1176 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
तीन मई को आयोजित नीट परीक्षा रद किए जाने के बाद 21 जून को यह पुनर्परीक्षा कराई जा रही है। शनिवार को परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं जवाहर नवोदय विद्यालय कुरुद के प्राचार्य मनोज विद्यार्थी, अपर कलेक्टर पवन प्रेमी, एएसपी शैलेंद्र कुमार पांडेय एवं नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारियों ने चारों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी सुविधाओं की समीक्षा की। बीसीएस पीजी कालेज धमतरी में 480, नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या महाविद्यालय में 240, शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 240 एवं भोपाल राव पवार शासकीय पालिटेक्निक कालेज रूद्री में 216 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। नोडल अधिकारी मनोज विद्यार्थी ने बताया कि परीक्षा के सुचारु एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सहायता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिव सिंह वर्मा स्कूल की प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि तीन मई को आयोजित नीट परीक्षा के दौरान इस केंद्र का क्रमांक 1708102 था, जिसे बदलकर अब 1708103 कर दिया गया है। पूर्व का केंद्र क्रमांक अब कन्या महाविद्यालय परीक्षा केंद्र को आवंटित किया गया है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले अपने प्रवेश पत्र में परीक्षा की तिथि, केंद्र का नाम और नया केंद्र क्रमांक सावधानीपूर्वक अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा के दिन अपने साथ मूल पहचान पत्र, एक पोस्टकार्ड साइज फोटो तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से लेकर आएं। सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

