जगदलपुर में फिल्मी अंदाज में पिस्टल की नोक पर दबोचा गया ओडिशा का हिस्ट्रीशीटर

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर में फिल्मी अंदाज में पिस्टल की नोक पर दबोचा गया ओडिशा का हिस्ट्रीशीटर


जगदलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिला मुख्यालय के नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, बस्तर पुलिस की मदद से जब ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को फिल्मी अंदाज में दबोच लिया।

शराब दुकान के पास बस्तर पुलिस एवं ओडिशा पुलिस ने आरोपित को चारों तरफ से घेरा और पिस्टल की नोक पर गिरफ्तार किया। कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि आरोपी को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला। दोनों राज्यों की पुलिस ने अभी इस मामले का खुलासा नहीं किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में हुई है, जो ओडिशा से फरार होकर बस्तर पहुंचा था।

बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान ने बताया कि गिरफ्तार आराेपित से पूछताछ के बाद ओडिशा और बस्तर में हुई अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा पुलिस को आरोपित के जगदलपुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम सिविल ड्रेस में नए बस स्टैंड पहुंची और शराब दुकान के आस-पास निगरानी के दाैरान जैसे ही आरोपित नजर आया, पुलिस कर्मियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। गिरफ्तारी का वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपित को पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उसके सिर के पास पिस्टल तनी नजर आती है। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी की आवाज भी सुनाई देती है।

ओडिशा पुलिस के अनुसार टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। उस पर बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग करने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपित के कब्जे से कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद हुआ है। पुलिस अब बस्तर के गिरोला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं में भी आरोपित की कथित भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद ओडिशा पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story