गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारों में गूंजे शबद कीर्तन, अटूट लंगर में उमड़े श्रद्धालु
धमतरी, 24 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के प्रथम गुरु, महान संत गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व एवं जन्मोत्सव पर मंगलवार को धमतरी में सिख और सिंधी समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सिख समाज ने शबद कीर्तन, गुरुवाणी पाठ और गुरु के अटूट लंगर का आयोजन किया, वहीं पूज्य पंचायत सिंधी धर्मशाला में गुरुवाणी सत्संग, भोग साहब एवं आम भंडारे का आयोजन हुआ। गुरुद्वारों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सुबह से ही शबद कीर्तन और गुरुवाणी पाठ की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं। बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु गुरुद्वारा पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इससे पूर्व रविवार को सिख समाज द्वारा पंज प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया था।
मंगलवार को आयोजित गुरु के अटूट लंगर में जसपाल सिंह छाबड़ा, जसविंदर सिंह बग्गा, गुरुप्रीत सिंह गाले, करतार सिंह मिस्सन, रजिन्दर सिंह छाबड़ा, रविन्द्र सिंह बिन्द्रा, जसपाल सिंह तलुजा, सूरजीत सिंह भुणानी, मनजीत छाबड़ा, हरमिन्दर सिंह छाबड़ा, सतनाम सिंह धनोवा, भूपेन्द्र सिंह तलुजा, हर्षदीप सिंह खालसा, गुरुमुख सिंह खनुजा, सतपाल सिंह अजमानी, दशमेश सिंह धंजल, जगजीवन सिंह सिद्ध, संदीप तलुजा, ममता खालसा एवं प्रीतपाल सिंह छाबड़ा सहित समाज के सैकड़ों लोगों ने सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
इसी कड़ी में बाबा गुरुदास राम दरबार के सेवादारों एवं पूज्य पंचायत सिंधी समाज धमतरी द्वारा सिंधी धर्मशाला में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह 11 बजे श्री उदासी ने संगीतमय गुरुवाणी सत्संग की प्रस्तुति दी। सत्संग सुनने के लिए श्रद्धालुओं और समाजजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इसके पश्चात भोग साहब का कार्यक्रम संपन्न हुआ। दोपहर एक बजे आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंगलवार शाम को सिंधी समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रकाश पर्व के अवसर पर महापौर रामू रोहरा, पिंटू यादव, कुलेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने गुरुद्वारों में मत्था टेककर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

