बलरामपुर : शंकरगढ़ के पहरी स्कूल में न्योता भोज, बच्चों के साथ साझा की खुशियां

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : शंकरगढ़ के पहरी स्कूल में न्योता भोज, बच्चों के साथ साझा की खुशियां


बलरामपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप संचालित न्योता भोज कार्यक्रम के तहत आज बुधवार विकासखंड शंकरगढ़ के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय पहरी में विशेष भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बच्चों के साथ भोजन कर सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।

ग्राम पंचायत पहरी के सरपंच, विद्यालय के प्रधान पाठक और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसा गया। इस अवसर पर बच्चों के साथ भोजन कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, स्वच्छता अपनाने और शिक्षा के महत्व के प्रति भी प्रेरित किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, न्योता भोज का उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ समाज और विद्यालय के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इस पहल से बच्चों में अपनापन बढ़ने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास को भी बढ़ावा मिल रहा है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, दानदाताओं, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों की भागीदारी से सामुदायिक सहयोग को भी मजबूती मिली। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक समरसता को नई दिशा दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story