नर्सिंग एसोसिएशन ने कांग्रेस से अनिश्चितकालीन हड़ताल काे समर्थन देने का किया आग्रह

WhatsApp Channel Join Now
नर्सिंग एसोसिएशन ने कांग्रेस से अनिश्चितकालीन हड़ताल काे समर्थन देने का किया आग्रह


जगदलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन,छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने आज बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सुशील मौर्य से मुलाकात कर अपनी विभिन्न जायज मांगों एवं समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आगामी 18 नवंबर से अपनी मांगों के समर्थन में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल की जानकारी देते हुए कांग्रेस से इस आंदोलन को समर्थन देने का आग्रह किया।

इस दौरान नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने अपनी लंबित मांगों, कार्यक्षेत्र में आ रही समस्याओं तथा कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े विषयों को जिला कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संबंधित विभाग और शासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं मिलने के कारण अब एसोसिएशन को अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लेना पड़ रहा है।

ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष सुशील मौर्य ने नर्सिंग ऑफिसर्स की मांगों को जायज बताते हुए उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया । उन्होंने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर्स स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, उपचार व्यवस्था के संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। दिन-रात अपनी सेवाएं देकर वे आम जनता के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाते हैं, ऐसे में उनके अधिकारों, सम्मान और जायज मांगों की अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

सुशील मौर्य ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल अस्पतालों के संसाधन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को उचित अधिकार, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और उनकी जायज मांगों का समाधान देना भी उतना ही आवश्यक है। जब स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले नर्सिंग ऑफिसर्स ही अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने को मजबूर हों, तो यह शासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए गंभीर चिंतन का विषय है। कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारियों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रही है। नर्सिंग ऑफिसर्स की समस्याओं और मांगों को लेकर भी कांग्रेस उनकी आवाज बुलंद करेगी। भाजपा सरकार को चाहिए कि हड़ताल की नौबत आने से पहले एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से सकारात्मक बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान निकाले।

सुशील मौर्य ने स्पष्ट कहा कि नर्सिंग ऑफिसर्स अपने हक और सम्मान की लड़ाई अकेले नहीं लड़ेंगे, इस संघर्ष में कांग्रेस उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। शासन को कर्मचारियों की आवाज सुननी चाहिए और उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए। साथ ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार नर्सिंग ऑफिसर्स की मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल करेगी, ताकि कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए मजबूर न होना पड़े और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित न हों।

इस दौरान पूर्व सभापति कविता साहू, ग्रामीण महामंत्री सुभाष गुलाटी, सुनीता सिंह व नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777100 Articles

Share this story