जर्जर सड़क और पुल की मरम्मत की मांग को लेकर एनएसयूआई-युवा कांग्रेस का आर्थिक नाकेबंदी आंदोलन

WhatsApp Channel Join Now
जर्जर सड़क और पुल की मरम्मत की मांग को लेकर एनएसयूआई-युवा कांग्रेस का आर्थिक नाकेबंदी आंदोलन


बालको वेदांता पर लगाया जनविरोधी नीतियों का आरोप

कोरबा, 04 अगस्त (हि.स.)। जर्जर सड़क और बदहाल पुल की मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बालको वेदांता के खिलाफ आर्थिक नाकेबंदी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कोयला और राखड़ परिवहन को रोककर चक्काजाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी पर सामाजिक दायित्वों की अनदेखी और क्षेत्र की जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाया।

युवा कांग्रेस के जिला महामंत्री मधुसूदन दास ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से टूटी सड़कों, क्षतिग्रस्त पुल और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की परेशानी झेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये का मुनाफा कमाने वाली बालको वेदांता अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों से लगातार मुंह मोड़ रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों का संचालन जरूरी है, लेकिन जनता की जान की कीमत पर नहीं। सुरक्षित सड़क और मजबूत पुल स्थानीय लोगों का अधिकार है, किसी कंपनी की कृपा नहीं।

एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष आकाश राज ने कहा कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क और पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो जनहित की लड़ाई को और व्यापक तथा निर्णायक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए किया जा रहा है।

एनएसयूआई के ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनमोहन राठौर और शहर जिला अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा ने जर्जर सड़क और बदहाल पुल का तत्काल निर्माण कराने तथा बालको वेदांता से अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि मंगलवार का प्रदर्शन सांकेतिक था। यदि कंपनी ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आने वाले दिनों में हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बालको के तीनों प्रवेश द्वारों पर चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।

प्रदर्शन में अंकित श्रीवास्तव, अदनान मेमन, धर्मेंद्र चोटोले, सीताराम चौहान, अखिलेश त्रिपाठी, संजय कंवर, भागीरथी यादव, शैलेन्द्र कुर्रे, मोहम्मद इमरान, दीपक दास महंत, अनिल खूंटे, अल्तमस, रवि सोनी सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story