एनएसयूआई ने केंद्र सरकार व निर्वाचन आयोग के खिलाफ किया प्रदर्शन, फूंका पुतला

WhatsApp Channel Join Now
एनएसयूआई ने केंद्र सरकार व निर्वाचन आयोग के खिलाफ किया प्रदर्शन, फूंका पुतला


रायपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर के राजीव गांधी चौक पर आज बुधवार काे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। रायपुर जिला एनएसयूआई के अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 फीट के पुतलों का दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन एनएसयूआई के देशव्यापी आह्वान पर किया गया। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष रहना जरूरी है।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। संगठन ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की।

रायपुर जिला एनएसयूआई अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों पर सवाल उठने की स्थिति में एनएसयूआई छात्रहित और जनहित की आवाज उठाती रहेगी। गोस्वामी ने कहा कि संगठन अन्याय और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगा।

राजीव गांधी चौक पर हुए इस प्रदर्शन में एनएसयूआई के जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारी सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार, विधानसभा अध्यक्ष अंकित शर्मा, जिला महासचिव दिव्यांश श्रीवास्तव और सुमित शुक्ला, कृष सहारे, विजय बघेल, करण, रविंद्र सिंह, सौरभ नाग, लोमश साहू, उत्कर्ष खिलारी, शिवम गोस्वामी, दीपांशु गिलहरे और भावेश सहित रायपुर जिला एनएसयूआई के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story