नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग


धमतरी, 14 मई (हि.स.)। नीट परीक्षा में हुए कथित प्रश्नपत्र लीक के विरोध में जिला एनएसयूआई ने गुरुवार को शहर के गांधी मैदान में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई।

नीट 2026 परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन के नेतृत्व में जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। देशभर में लाखों विद्यार्थी वर्षों की मेहनत और कठिन परिश्रम के बाद इन परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसे मामलों से उनका मनोबल टूट रहा है।

एनएसयूआई ने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और इसे तत्काल भंग करने की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की मांग की। प्रभावित छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता, निशुल्क कानूनी सहायता और आवश्यक आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान शुभम साहू, विजेंद्र रामटेके, गीतराम सिन्हा, संजू साहू, नमन बंजारे, पारसमणि साहू, नोमेश सिन्हा, तेज प्रताप साहू, सुदीप सिन्हा, प्रीतम सिन्हा सहित एनएसयूआई कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story