धमतरी जिले के बारना में पांच विषयों के शिक्षक नहीं, सिंगपुर में तबादले का विरोध

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी जिले के बारना में पांच विषयों के शिक्षक नहीं, सिंगपुर में तबादले का विरोध


धमतरी, 11 अगस्त (हि.स.)। धमतरी जिले के कई स्कूलों में अब तक शिक्षकों की कमी अब तक ज्यों की त्यों बनी हुई है। शिक्षकों की व्यवस्था की मांग को लेकर मंगलवार को धमतरी ब्लाक के बारना, मगरलोड ब्लाक के सिंगपुर और नगरी ब्लाक के महमल्ला के शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पदाधिकारी व ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की। वहीं बारना के ग्रामीणों ने तो 16 अगस्त तक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने पर 17 अगस्त से स्कूल में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।

नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू हुए करीब दो महीने होने को हैं। शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के बावजूद जिले के स्कूलों में शिक्षकों की कमी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कहीं विषयवार शिक्षक नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित है तो कहीं कम संख्या में शिक्षक होने के कारण पूरा शैक्षणिक भार संभालना पड़ रहा है। ऐसे में अब ग्रामीणों ने स्कूलों में शिक्षकों की तत्काल व्यवस्था की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है।

धमतरी ब्लाक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारना का वर्ष 2017 में उन्नयन हुआ था। वर्तमान में यहां हिंदी, अंग्रेजी, रसायन, भूगोल और सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षक के पद रिक्त हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति का कहना है कि शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। समिति अध्यक्ष दिनेश, राम खिलावन, नीरा साहू, कमलवती एवं रुपचंद साहू ने बताया कि विद्यालय में पांचों विषयों के एक-एक शिक्षक की तत्काल जरूरत है। इसी तरह से मगरलोड ब्लाक के सेजेस सिंगपुर में रसायन शास्त्र और वाणिज्य के व्याख्याताओं की कमी है।

ग्रामीणों ने गणित के एकमात्र व्याख्याता प्रेमलाल साहू के स्थानांतरण का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि प्रेमलाल साहू का स्थानांतरण धमतरी के शिव सिंह वर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया है, जबकि वहां गणित के दो व्याख्याता कार्यरत हैं। ऐसे में सिंगपुर से एकमात्र गणित व्याख्याता का स्थानांतरण विद्यार्थियों के हित में नहीं है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जब तक गणित विषय के दूसरे व्याख्याता की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक प्रेमलाल साहू को कार्यमुक्त न किया जाए। इसके साथ ही ग्रामीणों ने स्कूल के ग्रंथपाल बालमुकुंद साहू को जिला ग्रंथालय में फिर से संलग्न किए जाने के आदेश पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि लंबे समय तक उनके जिला ग्रंथालय में संलग्न रहने से सिंगपुर के आदिवासी विद्यार्थियों को पुस्तकालय की सुविधा नहीं मिल पा रही हैं। बिना वैकल्पिक व्यवस्था के शिक्षक और ग्रंथपाल को हटाने से विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित होगी।

नगरी ब्लाक के शासकीय माध्यमिक शाला महमल्ला में भी शिक्षकों की कमी है। ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में विद्यालय में केवल दो शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि स्कूल के संचालन के लिए प्रधानपाठक सहित तीन शिक्षकों की आवश्यकता है। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार, तीजू राम एवं बिमलेश कुमार ने बच्चों के भविष्य को देखते हुए कम से कम एक अतिरिक्त शिक्षक की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story