रायगढ़ में मजदूरों की आवाज बनेंगे निपेन्द्र कुमार सिंह, भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन कौंसिल ने सौंपी जिला अध्यक्ष की कमान
रायगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)।भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन कौंसिल ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए निपेन्द्र कुमार सिंह को रायगढ़ जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ राज्य प्रभारी एवं संगठन के पदाधिकारियों की अनुशंसा पर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से जिले में संगठन को मजबूत करने और श्रमिकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में नई पहल की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला अध्यक्ष के रूप में निपेन्द्र कुमार सिंह की प्रमुख जिम्मेदारी जिले के श्रमिकों को संगठित करना और उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करना होगा। वे श्रमिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों तक पहुंचाने, मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा जरूरतमंद श्रमिकों को न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेंगे।
संगठन का उद्देश्य संगठित एवं असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के हितों की रक्षा करना, उनके साथ होने वाले शोषण के विरुद्ध आवाज उठाना तथा उन्हें सम्मान, समान अवसर और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करना है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष से जिले में संगठन का विस्तार करने के साथ ही श्रमिक कल्याण, सामाजिक न्याय और मजदूरों की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने की अपेक्षा की जा रही है। संगठन के माध्यम से अधिक से अधिक श्रमिकों को जोड़कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देने पर जोर रहेगा।
निपेन्द्र कुमार सिंह की नियुक्ति को रायगढ़ जिले में श्रमिकों की आवाज बुलंद करने और उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयासों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

