अम्बिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर धूं-धूं कर जला हाईवा, तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे
अम्बिकापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनतराई स्थित देवगढ़ मोड़ पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। अम्बिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग (एनएच-43) पर एक हाईवा में अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार चालक समेत तीन लोग अंदर ही फंस गए और बुरी तरह झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आम लोगों की मुस्तैदी और भारी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। आनन-फानन में तीनों को नजदीकी सीतापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर रेफर कर दिया है।
इधर, हादसे की सूचना पर अम्बिकापुर से दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद हाईवा में लगी भीषण आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात बहाल करा दिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

