बलरामपुर में तालाब में मिली नवविवाहिता की लाश, चार महीने पहले हुई थी शादी

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में तालाब में मिली नवविवाहिता की लाश, चार महीने पहले हुई थी शादी


मायके पक्ष ने पति पर लगाया आरोप, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

बलरामपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरवा में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में लाश मिली। मृतिका की पहचान संगीता यादव (19) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि संगीता का विवाह करीब चार महीने पहले 12 मई को सेमरवा निवासी दिलीप यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के कुछ ही महीनों बाद उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद मायके पक्ष ने संगीता की मौत को लेकर उसके पति पर आरोप लगाए हैं और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, अभी तक मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

सनावल थाना प्रभारी बृजलाल भारद्वाल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत हत्या है या आत्महत्या। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story