अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का लोकार्पण, जनसेवा को किया गया समर्पित

WhatsApp Channel Join Now
अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का लोकार्पण, जनसेवा को किया गया समर्पित


अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का लोकार्पण, जनसेवा को किया गया समर्पित


कोरबा, 23 मार्च (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास रोड स्थित अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का लोकार्पण आज प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान मंत्री एवं महापौर ने लोकार्पण पट्टिका का अनावरण कर फीता काटकर डोम को जनसेवा के लिए समर्पित किया।

नगर निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 28 में स्थित अंजनीकुंज श्रीवास नाई समाज भवन परिसर में लगभग 30 लाख रुपए की लागत से इस डोम शेड का निर्माण कराया गया है। इस अवसर पर समिति द्वारा निर्मित कार्यालय भवन एवं व्यावसायिक परिसर का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा ने एक छोटे ग्राम पंचायत से जिला और ऊर्जा नगरी बनने तक का लंबा सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि इस विकास यात्रा में सभी समाजों के साथ श्रीवास नाई समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सभी वर्गों के हितों की सुरक्षा और विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कोरबा की जनता के प्रति आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम कोरबा विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि वार्डों और बस्तियों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और सामाजिक गतिविधियों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस डोम के निर्माण से सामाजिक कार्यक्रमों, सभाओं और आयोजनों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध हो गया है।

वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सभी समाजों के सहयोग और आशीर्वाद से ही विकास संभव है और वे हमेशा समाज के हित में कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान श्रीवास नाई सामाजिक कल्याण समिति का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। इस मौके पर समाज के लोगों ने अतिथियों का शाल एवं श्रीफल से स्वागत कर सम्मान किया। मंत्री श्री देवांगन ने समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई तथा उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, मुकुंद सिंह कंवर, समिति अध्यक्ष मोहनलाल श्रीवास, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, जगदीश श्रीवास सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समिति सदस्य, महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story