रामानुजगंज के नए थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी का हुआ स्वागत, संभाला पदभार

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजगंज के नए थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी का हुआ स्वागत, संभाला पदभार


2013 बैच के निरीक्षक सोनी ने संभाली थाने की कमान, नगर की समस्याओं और यातायात व्यवस्था को लेकर हुई चर्चा

बलरामपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना में नए थाना प्रभारी के रूप में निरीक्षक जितेंद्र सोनी ने पदभार संभाल लिया है। रविवार को नगर के पत्रकारों से समस्याओं और यातायात व्यवस्था काे लेकर चर्चा की ।

निरीक्षक जितेंद्र सोनी वर्ष 2013 बैच के पुलिस अधिकारी हैं और मूल रूप से सरगुजा जिले के अंबिकापुर के निवासी हैं। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने बीजापुर-बस्तर क्षेत्र में भी सेवाएं दी हैं। इसके बाद बलरामपुर जिले के रघुनाथपुर और बसंतपुर थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस दाैरान पत्रकारों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका सम्‍मान क‍िया गया। रामानुजगंज थाना प्रभारी रहे निरीक्षक अजय साहू का बिलासपुर तबादला होने के बाद अब रामानुजगंज थाने की कमान निरीक्षक जितेंद्र सोनी को सौंपी गई है।

पत्रकारों से मुलाकात के दौरान थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी ने नगर की कानून-व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं को लेकर चर्चा की। पत्रकारों ने नगर में यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों से उन्हें अवगत कराया। थाना प्रभारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस दौरान नाबालिगों के वाहन चलाने के मामले पर भी चर्चा हुई। थाना प्रभारी ने कहा कि नाबालिगों के वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

मुलाकात के दौरान नगर की अन्य समस्याओं और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। थाना प्रभारी ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता देने की बात कही।

इस अवसर पर पत्रकार मनोज तिवारी, यशपाल दुबे, विकास दुबे, उज्जवल तिवारी, विष्णु पांडेय, पीयूष गुप्ता सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story