आधुनिक खेती की नई तकनीकों ने किसानों को किया प्रेरित

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक खेती की नई तकनीकों ने किसानों को किया प्रेरित


धमतरी, 29 मई (हि.स.)। आधुनिक खेती, तकनीकी नवाचार और आत्मनिर्भर ग्रामीण विकास की दिशा में पहल करते हुए तहसील साहू समाज ग्रामीण द्वारा शुक्रवार काे उन्नत तकनीकी कृषि एवं कृषि नवाचार अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रगतिशील किसान एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों एवं समाजजनों ने आधुनिक खेती की नई तकनीकों, टमाटर ग्राफ्टिंग, पाली हाउस एवं मखाना परियोजना का अवलोकन कर कृषि के उन्नत माडल को करीब से समझा।

इस भ्रमण कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आधुनिक कृषि पद्धतियों को बारीकी से समझते हुए खेती में तकनीकी नवाचारों की उपयोगिता पर चर्चा की। अरुण सार्वा ने अपने फार्म में बड़े स्तर पर की जा रही टमाटर की ग्राफ्टिंग तकनीक, हाइब्रिड फलदार पौधों, अमरूद, मिर्ची, भटा, खीरा एवं गोभी सहित विभिन्न फसलों की वैज्ञानिक खेती की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाली हाउस के माध्यम से बीज तैयार कर ग्राफ्टिंग तकनीक से उच्च गुणवत्ता वाले पौधों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ किसानों की आय भी बढ़ रही है। उपस्थित किसानों ने इस तकनीक को भविष्य की खेती के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। अध्ययन भ्रमण के दौरान सदस्यों ने खिरकीटोला स्थित लगभग 60 एकड़ में फैले टमाटर फार्म का अवलोकन किया, जहां आधुनिक तकनीक के माध्यम से उन्नत खेती की जा रही है। इसके बाद दुगली कल्लेमेटा स्थित फार्म में नई फसल लगाने की तैयारियों को देखा। साथ ही ग्राम सांकरा में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे मखाना खेती परियोजना एवं तालाब निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जिसे आत्मनिर्भर कृषि माडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मसानडबरा गांव में विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवारों के लिए विकसित की जा रही आधुनिक एवं सुव्यवस्थित कालोनी का अवलोकन कर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। तहसील साहू संघ ग्रामीण के अध्यक्ष चिरौंजी लाल साहू ने कहा कि यदि समाज तकनीकी एवं वैज्ञानिक खेती को अपनाए, तो आने वाले समय में आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत एवं आत्मनिर्भर बन सकता है। पूर्व सांसद प्रतिनिधि उमेश साहू ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

तहसील सचिव हिरेंद्र साहू ने कहा कि यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे युवाओं को कृषि के प्रति नई सोच एवं दिशा मिलेगी। किसान नेता प्रफुल्ल साहू, वरिष्ठ समाजसेवी रामाश्रय साहू एवं आमदी नगर साहू संघ अध्यक्ष तेजराम साहू ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए आधुनिक कृषि नवाचारों को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। इस अवसर पर गोपाल साहू, नंद झरोखा, अलखराम साहू, गणेश प्रसाद साहू, गजानन साहू, प्रदुमन साहू, कृष्णा साहू, प्रफुल्ल साहू, गोवर्धन साहू, निरंजन साहू, कामता सहित बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story