वृद्धजनों के अनुभव से नई पीढ़ी को मिलेगी दिशा : टंकराम वर्मा
धमतरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आज शुक्रवार को मेनोनाइट हायर सेकेंडरी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में जिलास्तरीय वृद्धजन सम्मान समारोह हुआ। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के करीब 500 महिला-पुरुष वृद्धजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
प्रभारी मंत्री वर्मा ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, जीवन संघर्ष और संस्कार नई पीढ़ी को दिशा देते हैं। वरिष्ठजनों का सम्मान केवल आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा और सम्मान भारतीय संस्कृति की मूल भावना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों द्वारा शिविर लगाकर लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके निकट पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 की समाप्ति और कोविड-19 के दौरान किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कई ऐसे कार्य किए हैं, जिन्हें पहले असंभव माना जाता था। प्रभारी मंत्री वर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अंत्योदय की भावना के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा शिक्षा, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में लगे तो देश को गति मिलेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि वृद्धजनों ने अपने जीवन के अनुभव और ज्ञान से परिवार को संस्कार दिए हैं। उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन समाज की बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। वरिष्ठजनों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा मिलकर इस लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
गोद भराई, प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण भी बांटे
कार्यक्रम में 40 हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र दिए गए। दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को व्हीलचेयर सहित सहायक उपकरण वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षकों का सम्मान किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर पोषण किट दी गई। प्रभारी मंत्री ने विभागीय स्टालों का अवलोकन किया और स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर बीपी की जांच भी कराई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, नगर निगम स्पीकर कौशिल्या देवांगन, जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, जनपद अध्यक्ष धमतरी अंगिरा ध्रुव, डीएफओ जाधव श्रीकृष्ण, निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं वृद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे। आभार जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

