आठ महीने से नए घरेलू गैस कनेक्शन पर रोक, महंगा सिलेंडर लेने को मजबूर उपभोक्ता

WhatsApp Channel Join Now
आठ महीने से नए घरेलू गैस कनेक्शन पर रोक, महंगा सिलेंडर लेने को मजबूर उपभोक्ता


14.2 किलो के सामान्य सिलेंडर का नया कनेक्शन बंद, 10 किलो वाले के लिए चुकाने पड़ रहे 1800 रुपये

धमतरी, 28 नवंबर (हि.स.)। घरेलू गैस का नया कनेक्शन लेने की योजना बना रहे लोगों को इन दिनों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले आठ महीने से 14.2 किलो वाले सामान्य घरेलू गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को छोटे और महंगे सिलेंडर का विकल्प दिया जा रहा है। इसके चलते जरूरतमंद लोग गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कुछ उपभोक्ता मजबूरी में 10 किलो वाला सिलेंडर ले रहे हैं, जबकि अधिकांश लोग इसकी अधिक कीमत के कारण इसे लेने से बच रहे हैं।

गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार होली के आसपास से कंपनियों ने सामान्य 14.2 किलो वाले सिलेंडर का नया कनेक्शन देना बंद कर दिया है। इसके स्थान पर नए कनेक्शन के लिए 10 किलो का प्लास्टिक सिलेंडर दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सामान्य सिलेंडर की तुलना में इसकी कीमत काफी अधिक है। ऐसे में सीमित आय वाले परिवारों के लिए इसे खरीदना मुश्किल हो रहा है। एजेंसी संचालकों के मुताबिक महीने में एक-दो उपभोक्ता ही इस तरह का कनेक्शन ले रहे हैं। सामान्य सिलेंडर का नया कनेक्शन नहीं मिलने से कुछ लोग निराश होकर लौट रहे हैं। इस स्थिति का फायदा उठाकर शहर में रिफिलिंग से जुड़े दलालों की सक्रियता बढ़ने की भी चर्चा है। कुछ स्थानों पर अवैध रिफिलिंग होने की सूचनाएं भी सामने आ रही हैं। वहीं कुछ उज्ज्वला कनेक्शनधारकों द्वारा अपने कनेक्शन का उपयोग अन्य सामान्य उपभोक्ताओं को कराने की बात भी सामने आई है।

धमतरी में घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों के अनुसार 14.2 किलो वाले सामान्य सिलेंडर की कीमत 1022 रुपये, 10 किलो वाले की 1800 रुपये और पांच किलो वाले की कीमत 830 रुपये बताई गई है। वहीं 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 3095 रुपये है। इस हिसाब से 14.2 किलो वाले सामान्य सिलेंडर की प्रति किलो कीमत लगभग 72 रुपये पड़ती है, जबकि 10 किलो वाले सिलेंडर के लिए 180 रुपये प्रति किलो चुकाने पड़ रहे हैं। यानी वजन में 4.2 किलो कम होने के बावजूद उपभोक्ताओं को 778 रुपये अधिक देने पड़ रहे हैं। ऐसे में सामान्य सिलेंडर का नया कनेक्शन बंद होने से जरूरतमंद परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने कंपनियों से सामान्य घरेलू गैस कनेक्शन दोबारा शुरू करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story