शाला भवन निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, अमानत राशि ब्याज सहित राजसात

WhatsApp Channel Join Now
शाला भवन निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, अमानत राशि ब्याज सहित राजसात


कोरबा, 2 सितंबर (हि. स.)। निर्माण कार्य में लापरवाही बरतना ठेकेदार को भारी पड़ गया। नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने प्राथमिक शाला डुमरमुड़ा में भवन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने और बार-बार नोटिस के बावजूद काम शुरू नहीं करने पर ठेकेदार मेसर्स सौमक गोस्वामी, साडा कॉलोनी जमनीपाली कोरबा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

ठेकेदार को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर निगम की निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। साथ ही निविदा के दौरान जमा अमानत राशि को ब्याज सहित राजसात किया गया है।

नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 54 जमनीपाली अंतर्गत प्राथमिक शाला डुमरमुड़ा में नवीन भवन निर्माण का ठेका मेसर्स सौमक गोस्वामी को दिया गया था। कार्य पूर्ण करने की निर्धारित अवधि जनवरी 2026 थी, लेकिन ठेकेदार ने निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया। निगम की ओर से बार-बार निर्देश और पत्र जारी किए जाने के बावजूद शेष कार्य शुरू नहीं किया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम ने ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा था। इसके बावजूद ठेकेदार की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया और न ही अधूरा निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। इसे कार्य के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए आयुक्त ने ठेकेदार को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया।

इसके अलावा अधूरे बचे निर्माण कार्य की 10 प्रतिशत क्षतिपूर्ति राशि ठेकेदार के अन्य बिल, उपलब्ध सुरक्षा राशि, परफॉर्मेंस गारंटी अथवा अन्य मद से वसूल की जाएगी।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि, शहर विकास और निर्माण कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं करने और निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने निगम के जोन कमिश्नरों और अभियंताओं को भी निर्देश दिए हैं कि बार-बार नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई तत्काल प्रस्तावित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story