एनसीसी कैडेट्स ने कृषि महाविद्यालय में एक पेड़ मां के नाम लगाए पौधे

WhatsApp Channel Join Now
एनसीसी कैडेट्स ने कृषि महाविद्यालय में एक पेड़ मां के नाम लगाए पौधे


जगदलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। भारत सरकार द्वारा पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे अभियान 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत बलिदानी गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र जगदलपुर में आज शनिवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से एनसीसी कैडेटों ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि समाज को पर्यावरण एवं पौधा संरक्षण का एक बेहद खूबसूरत और भावनात्मक संदेश दिया। यह पूरा आयोजन 9 वीं सीजी बटालियन एनसीसी जगदलपुर के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अरुण कण्डपाल के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अधिष्ठाता बलिदानी गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय कुम्हरावंड डॉ आरएस नेताम द्वारा स्वयं पौधरोपण कर किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के 36 एनसीसी कैडेटों ने विभिन्न प्रकार के फलदार और सौंदर्यीकरण के पौधों का रोपण किया। पौधे लगाने के साथ ही सभी कैडेटों ने इनकी पूरी देखभाल, सुरक्षा और इन्हें संरक्षित करने का एक अनूठा संकल्प लिया। कैडेटों का मानना था कि सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें एक माँ की तरह प्यार से सींचना और संरक्षित करना ही हमारी असली जिम्मेदारी है।

इस अभियान में महाविद्यालय के वैज्ञानिकों का भी भरपूर सहयोग और मार्गदर्शन मिला। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख वैज्ञानिक डॉ एनसी मण्डावी, सहायक प्राध्यापक डॉ नीता मिश्रा, डॉ. गुन्जा ठाकुर, डॉ. रेशमा कौशल और एनसीसी के सूबेदार मेजर मिथलेश कुमार द्विवेदी, एनओ एनसीसी एमबी तिवारी एवं हवलदार निरोज नायक द्वारा भी 'एक पेड़ मां के नाम' मुहिम के तहत पूरे उत्साह के साथ पौधरोपण किया गया।

इस पूरे वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में वैज्ञानिक एवं प्रभारी सौंदर्यीकरण डॉ. पदमाक्षी ठाकुर, डॉ. गुन्जा ठाकुर, एम. बी. तिवारी और सभी कैडेटों का अत्यंत सराहनीय और अहम योगदान रहा। आयोजन के दौरान महाविद्यालय के समस्त वैज्ञानिक, प्राध्यापक, कर्मचारी और एनसीसी कैडेट भारी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर प्रकृति को हरा-भरा व सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story