नवरात्रि में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारी तेज, दुर्गा उत्सव समितियों के साथ हुई बैठक

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्रि में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारी तेज, दुर्गा उत्सव समितियों के साथ हुई बैठक


जांजगीर-चांपा, 08 अगस्त (हि. स.)। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए जांजगीर-नैला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नैला अग्रसेन भवन के सामने स्थापित होने वाली मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने शनिवार काे दुर्गा उत्सव समितियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की।

कलेक्टर जांजगीर-चांपा एवं पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में आज बैठक हुई। इसमें नवरात्रि के दौरान संभावित भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था को प्रमुखता से लिया गया। श्रद्धालुओं के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग, आयोजन स्थल के आसपास यातायात दबाव को कम करने और जरूरत पड़ने पर यातायात का डायवर्जन करने जैसे विषयों पर समितियों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। पुलिस-प्रशासन ने आयोजन समितियों को सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नवरात्रि पर्व के दौरान मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। आयोजन स्थल के आसपास किसी तरह की अव्यवस्था न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस-प्रशासन ने दुर्गा उत्सव समितियों से अपील की कि वे आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस एवं प्रशासन को तत्काल सूचना दें। नवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जाएगी।

बैठक में एसडीएम जांजगीर, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, सीएमओ नगर पालिका जांजगीर-नैला, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सहित विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story