गुरु रविदास जयंती पर देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान 29 जुलाई से 20 फरवरी तक

WhatsApp Channel Join Now
गुरु रविदास जयंती पर देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान 29 जुलाई से 20 फरवरी तक


बीजापुर, 28 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने बीजापुर भाजपा अटल सदन में आज मंगलवार काे आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। महेश गागड़ा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के संत हैं, और उनके विचार आज भी समाज को समानता एवं राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन होगा।

महेश गागड़ा ने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर की जाएगी । साथ ही वाराणसी स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी और जल से भरे कलश देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुंचाए जाएंगे ।

इस दौरान दीपोत्सव, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन और समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे । उन्हाेने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक गुरु रविदास समरसता यात्रा तथा 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्र संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में समरसता संवाद, चित्र प्रदर्शनी, संगोष्ठियां और प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को गुरु रविदास महाराज के जीवन और उनके विचारों से जोड़ा जाएगा।

प्रेसवार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, जिला अध्यक्ष घासीराम नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, मंडल अध्यक्ष अशोक राव, जिला मीडिया प्रभारी प्रताप यादव सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story