राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे युवाओं को संबोधित

WhatsApp Channel Join Now

सूरजपुर, 25 अगस्त (हि.स.)।महान हॉकी खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में हर वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़े कार्यक्रम 27 अगस्त को देशभर में व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से देश के युवाओं, खिलाड़ियों और राष्ट्र निर्माण की भावना को एक साझा मंच से जोड़ने की पहल की गई है।

कार्यक्रम के तहत देश के प्रत्येक जिले के दो महाविद्यालयों में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को पिछले 12 वर्षों में खेल के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही खेल एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाएं भी सुनी जाएंगी।

कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। 27 अगस्त को प्रधानमंत्री देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर मौजूद 08 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। इस आयोजन के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों के युवाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी अतिथियों और युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ‘माई भारत वॉलंटियर’ और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र होगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव और भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी।

इसके बाद करीब 15 मिनट का युवा संवाद आयोजित होगा, जिसमें युवाओं को खेल, राष्ट्र निर्माण और भविष्य से जुड़े अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story