खेलों में भी हासिल करना है ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का दर्जा : अरुण साव

WhatsApp Channel Join Now
खेलों में भी हासिल करना है ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का दर्जा : अरुण साव


खेलों में भी हासिल करना है ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का दर्जा : अरुण साव


खेलों में भी हासिल करना है ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का दर्जा : अरुण साव


रायपुर. 29 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शुक्रवार काे रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन में शामिल हुए। ‘हॉकी के जादूगर’ के नाम से मशहूर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर पूरे देश में आज राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर उनका पुण्य स्मरण किया गया। इस बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव के आह्वान पर खिलाड़ियों ने ‘हर गली हर मैदान, खेले सारा हिंदुस्तान’ के जोरदार नारे से पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम को गूंजा दिया।

उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यक्रम में रायपुर प्रीमियर लीग के आयोजन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी संभागीय मुख्यालयों में इसके आयोजन के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने ऑडिटोरियम में मौजूद सभी लोगों को फिट रहने के लिए मैदान पर जाकर खेल खेलने और इसके लिए दूसरों को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई। साव और अन्य अतिथियों ने राज्य में खेल आयोजनों, खेल अलंकरण, युवा महोत्सव, खेल की सुविधाओं तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल, फुटबाल खिलाड़ी किरण पिस्दा और आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह भी राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यक्रम में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के मैदान में पूरे मनोयोग से उतरें, पूरे जोश और जज्बे के साथ खेलें। मैदान पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मान-सम्मान, करियर, नौकरी, धन सभी प्राप्त होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल की नई तकनीकों और उपकरणों से अपडेट रहने तथा अपनी फिटनेस व खेल सुधारने के लिए इनका उपयोग करने को कहा। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में भी पूरा देश ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ कहे, इसके लिए मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दें।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ रहने के लिए खेलना जरूरी है। उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों के बच्चों को मैदान में खेलने के लिए उतरने को कहा। खेलना, इनाम और पदक जीतने से ज्यादा महत्वपूर्ण है। अग्रवाल ने बताया कि ‘फिट इंडिया’ मुहिम के तहत सभी सांसदों को खेलों का आयोजन करना है। वे इस आयोजन में रायपुर और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दस हजार खिलाड़ियों को शामिल करने जा रहे हैं। इसके तहत 12 खेल होंगे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम में मौजूद चार प्रसिद्ध खिलाड़ियों को स्वच्छता के लिए रायपुर नगर निगम का ब्रांड एम्बैसडर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लोगों को प्रेरित कर जनसहभागिता बढ़ाएंगे। मंच पर मौजूद अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल, फुटबाल खिलाड़ी किरण पिस्दा और आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह ने उप मुख्यमंत्री साव के अनुरोध पर ब्रांड एम्बैसडर बनने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story