जनजातीय नायकों का साहस, संघर्ष और बलिदान हमारी राष्ट्रीय चेतना और गौरवशाली इतिहास का अमूल्य हिस्सा : मुख्यमंत्री
रायपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय वीर नायकों का संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। इन महानायकों ने न केवल मातृभूमि की आजादी के लिए संघर्ष किया, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए भी अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
मुख्यमंत्री साय आज साेमवार काे बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 'स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान' विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुँचाना भी हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर जनजातीय वीर नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित किया और उलगुलान आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। उनका साहस, स्वाभिमान और बलिदान आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। बलिदानी वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय भूखी जनता की सहायता के लिए संघर्ष किया और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। इसी प्रकार अनेक जनजातीय नायकों ने देश की स्वतंत्रता और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इन महानायकों की गौरवगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाना आवश्यक है, ताकि हमारे युवा अपने इतिहास और संस्कृति पर गर्व कर सकें।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को राष्ट्रीयस्तर पर नई पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों, महाविद्यालयों और विकासखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जनजातीय नायकों के जीवन और योगदान से परिचित कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराएँ और जीवन मूल्य छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। हमारी सरकार इन्हें सहेजने के साथ ही जनजातीय परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हमारा संकल्प है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय बहुल क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गाँव शामिल हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं। राज्य सरकार ने जनजातीय समाज की परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हमारी सरकार का प्रयास है कि समाज के युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलें और वे विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।
मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय समाज के उत्थान में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के कार्यों को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान और हितों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। मुख्यमंत्री ने जोगेश्वर यादव की सेवा भावना की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच यादव ने सेवा और समर्पण से जो विश्वास अर्जित किया है, वह अनुकरणीय है।
इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट सहित राष्ट्रीय स्तर के आमंत्रित वक्ता, विद्वान, प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

