राष्ट्रीय पोलियो दिवस पर वार्ड 15 में चला जागरूकता अभियान, बच्चों को पिलाई गई जीवनरक्षक दो बूंद
धमतरी, 28 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पोलियो दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक 15 ब्राह्मणपारा में रविवार सुबह विशेष पोलियो टीकाकरण एवं जनजागरूकता अभियान जारी है। अभियान के दौरान पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से अभियान उत्साहपूर्ण वातावरण में चलाई जा रही है।
अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना तथा समाज में नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर और केंद्रों पर पहुंचकर पालकों को पोलियो से बचाव, नियमित टीकाकरण और बच्चों के संपूर्ण स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचना आवश्यक है और इसमें समाज की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।
वार्ड पार्षद कोमल सार्वा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए हर बच्चे को समय पर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में टीकाकरण सबसे प्रभावी माध्यम है। किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित नहीं रहने देना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपने आसपास रहने वाले सभी बच्चों को भी पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों एवं पालकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और जागरूकता के बल पर ही पोलियो मुक्त भारत का संकल्प पूरी तरह साकार किया जा सकता है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई और नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। स्वास्थ्य विभाग ने भी नागरिकों से अपील की कि भविष्य में आयोजित होने वाले टीकाकरण अभियानों में भी इसी तरह सक्रिय भागीदारी निभाकर बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य में अपना योगदान दें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

