28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान, जिले के 1.10 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक

WhatsApp Channel Join Now
28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान, जिले के 1.10 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक


धमतरी, 25 जून (हि.स.)। जिले में 28, 29 और 30 जून तक राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।

स्वास्थ्य विभाग ने “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” के संदेश के साथ व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रह जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जे.पी. दीवान ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1 लाख 10 हजार 443 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले भर में 756 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जो आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित होंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए 1,915 स्वास्थ्य एवं मैदानी कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। वहीं बस स्टैंड, रेलवे प्लेटफॉर्म, ईंट भट्टों, कोयला भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमंतू परिवारों तथा अन्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 29 विशेष ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 68 सदस्य कार्यरत रहेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के पहले दिन 28 जून को सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें दवा पिलाएंगी तथा घरों का चिन्हांकन भी करेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अब भी पोलियो वायरस की मौजूदगी के कारण सतर्कता बनाए रखना जरूरी है। लोगों के आवागमन के चलते संक्रमण का जोखिम बना रहता है, इसलिए समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाए जाते हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित तिथि पर निकटतम पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर जाएं और उन्हें पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत बनाने में सहभागी बनें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story