बौद्धिक संवाद समाज को सही दिशा दिखाने का करते हैं कार्य: अजय चंद्राकर

WhatsApp Channel Join Now
बौद्धिक संवाद समाज को सही दिशा दिखाने का करते हैं कार्य: अजय चंद्राकर


धमतरी, 02 नवंबर (हि.स.)। लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रहित और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर कुरूद में 'राष्ट्र चिंतन संवाद' के तहत सोमवार शाम को बौद्धिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि राष्ट्र चिंतन संवाद महज औपचारिक विचारों का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि ऐसा वैचारिक मंच है, जहां से सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा तय होती है। जब भी देश के सामने दिशा और दशा का संकट खड़ा करने का प्रयास हुआ है, तब ऐसे बौद्धिक संवादों ने समाज को सही मार्ग दिखाने का कार्य किया है।

उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र की आत्मा राष्ट्रहित में बसती है, लेकिन दुर्भाग्य से विपक्ष लोकतंत्र को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम बना रहा है। लोकतंत्र का अर्थ जनता की सेवा और संविधान का सम्मान करना है, न कि किसी परिवार के अहंकार को संतुष्ट करने का तंत्र। उन्होंने विपक्ष पर परिवारवाद की राजनीति करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

चंद्राकर ने कहा कि 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम के माध्यम से समाज का ध्यान एक गंभीर विषय की ओर आकर्षित किया जा रहा है। जनहित के नाम पर होने वाले कुछ आंदोलनों में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, विकास कार्यों को बाधित करने तथा समाज को जाति और वर्गों में बांटने जैसी गतिविधियां सामने आती हैं। उन्होंने ऐसे आंदोलनों की फंडिंग के स्रोत पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि इनके पीछे राष्ट्रविरोधी ताकतों और विदेशी फंडिंग की भूमिका हो सकती है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की आवश्यकता बताई, ताकि वास्तविकता जनता के सामने आ सके।

कार्यक्रम में विजयशंकर मिश्रा ने कहा कि वे किसी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं और न ही जुड़ना चाहते हैं, लेकिन लोकतंत्र, संविधान और उसकी गरिमा का अपमान करने वालों का विरोध करते रहेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष ज्योतिभानु चंद्राकर ने भी अपने संबोधन में विरोध प्रदर्शनों को झूठा बताते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां जनहित के बजाय समाज में अशांति फैलाने का काम करती हैं।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, भूपेंद्र चंद्राकर, मालक राम साहू, भानु चंद्राकर, राजकुमार बजाज, कृष्णकांत साहू, थानेश्वर तारक, सुनील चंद्राकर, होरीलाल साहू, कविता चंद्राकर, भूमिका सिन्हा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story