कोरबा के PWD रामपुर स्कूल में नशा मुक्ति शपथ समारोह, विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा के PWD रामपुर स्कूल में नशा मुक्ति शपथ समारोह, विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प


कोरबा, 10 अगस्त (हि. स.)। नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय PWD रामपुर, जिला कोरबा में सोमवार को नशा मुक्ति शपथ समारोह का आयोजन किया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन पर भी दूरगामी असर डालती है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवाओं के माध्यम से ही सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ा जा सकता है। इसके लिए युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।

विद्यालय में आयोजित इस शपथ समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story