नारायणपुर के छात्र सुखदेव उसेंडी का एनसीओई में हुआ चयन
नारायणपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के नेड़नार निवासी 16 वर्षीय होनहार छात्र सुखदेव उसेंडी का चयन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में हुआ है।
सुखदेव विवेकानंद विद्यापीठ, रामकृष्ण मिशन आश्रम के कक्षा 11वीं के छात्र हैं, और फुटबॉल में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से लगातार पहचान बना रहे हैं । विशेष बात यह है कि सुखदेव अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ अंचल से आते हैं । सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी यह उपलब्धि पूरे जिले और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी है । उनकी सफलता से स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है । संस्था के लिए रवाना होने से पहले जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने सुखदेव को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं । उनकी इस उपलब्धि को जिले में खेल प्रतिभाओं के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

