भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने एनएसआईएल में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त
रायपुर, 26 नवम्बर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने को भारत सरकार द्वारा न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) में स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।
एनएसआईएल भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की वाणिज्यिक शाखा है। भारत सरकार ने भाजपा प्रवक्ता श्री ठोकने की शैक्षणिक योग्यता को ध्यान में रखते हुए यह नियुक्ति की है। श्री ठोकने ने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग ए.एम.ए.ई.एस.आई.से किया है। इस संस्था के संरक्षक वर्तमान प्रधानमंत्री होते हैं। इसके प्रथम संरक्षक पंडित जवाहरलाल नेहरू रहे तथा वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसके संरक्षक हैं।
यह स्पेस सेक्टर में भारत सरकार की अब तक की पहली राजनीतिक नियुक्ति है, जो छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। श्री ठोकने वर्ष 2003 से भाजपा मीडिया विभाग में सदस्य के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश मीडिया विभाग में प्रभारी के दायित्व का निर्वहन किया है और वर्तमान में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता के रूप में दायित्व निभा रहे हैं।
श्री ठोकने ने रायपुर उत्तर विधानसभा चुनाव में संयोजक के रूप में तथा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में तुलजापुर विधानसभा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पार्टी ने उनकी सेवा, अनुभव एवं योग्यता के आधार पर हुई इस नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठोकने की नियुक्ति पर भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं प्रवक्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

