हटकेश्वर में नालंदा परिसर निर्माण का विरोध, स्थान परिवर्तन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
हटकेश्वर में नालंदा परिसर निर्माण का विरोध, स्थान परिवर्तन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


धमतरी, 26 नवंबर (हि.स.)।शहर के हटकेश्वर क्षेत्र में प्रस्तावित नालंदा परिसर (पुस्तकालय) निर्माण को लेकर स्थानीय निवासियों ने विरोध जताया है। हटकेश्वर, सुभाष नगर एवं शीतलापारा के वार्डवासियों ने गुरुवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित निर्माण स्थल में बदलाव करने की मांग की।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस भूमि पर नालंदा परिसर निर्माण का प्रस्ताव है, उसका उपयोग लंबे समय से सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए किया जाता रहा है। यहां भागवत कथा, हरिकीर्तन, रामायण, मंडई, शादी-विवाह, छठी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ऐसे में यह भूमि क्षेत्र की सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। निवासियों ने कहा कि उक्त भूमि को सामूहिक आयोजनों के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए तथा नालंदा परिसर का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कराया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी नगर निगम, एसडीएम एवं कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है। 2 फरवरी 2026 को भी प्रशासन को ज्ञापन देकर अपनी मांग रखी गई थी, जिस पर आश्वासन मिलने की बात कही गई है। इसके बावजूद उसी भूमि पर दोबारा निर्माण प्रस्ताव सामने आने से वार्डवासियों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से उनकी भावनाओं और सामाजिक-सांस्कृतिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित नालंदा परिसर का स्थान परिवर्तित करने तथा जनहित में उचित निर्णय लेने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में हटकेश्वर वार्ड पार्षद सूरज गहरवाल, सुभाष नगर वार्ड पार्षद पूर्णिमा देवांगन, शीतलापारा वार्ड पार्षद उमा भागी ध्रुव सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story