नगरनार स्टील प्लांट में हॉट मेटल की चपेट में आने से ऑपरेटर की हुई माैत

WhatsApp Channel Join Now
नगरनार स्टील प्लांट में हॉट मेटल की चपेट में आने से ऑपरेटर की हुई माैत


नगरनार स्टील प्लांट में हॉट मेटल की चपेट में आने से ऑपरेटर की हुई माैत


जगदलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में स्थित नगरनार के एनएमडीसी स्टील प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट में काम करने के दौरान एक ऑपरेटर पिघले लोहे (स्लैग) की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय मंगल साय के रूप में हुई है। वह बस्तर जिले के छोटे देवड़ा का निवासी था। घटना के बाद प्लांट में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगल साय नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था, वर्ष 2023 से वह प्लांट में काम कर रहा था। मंगलवार को ड्यूटी के दौरान वह पिघले लोहे यानी स्लैग की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मंगल साय बस्तर जिले के छोटे देवड़ा गांव का निवासी था। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव बरामद कर मामले में मर्ग कायम किया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में एनएमडीसी प्रबंधन और प्लांट में कार्यरत ठेकेदारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट में लगातार श्रमिकों, विशेषकर आदिवासी युवकों की मौत की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। आखिर कब तक बस्तर के आदिवासी युवा अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते रहेंगे?

उन्होंने मांग की कि मंगल साय की मौत के मामले में केवल औपचारिक जांच कर खानापूर्ति नहीं की जाए, बल्कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच में यह स्पष्ट किया जाए कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, कार्यस्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, क्या श्रमिक को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे, दुर्घटना के समय कौन-कौन अधिकारी और जिम्मेदार कर्मचारी ड्यूटी पर थे तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था या नहीं।

सुशील मौर्य ने एनएमडीसी प्रबंधन से मांग की कि मंगल साय की मौत को एक सामान्य औद्योगिक दुर्घटना मानकर नजरअंदाज न किया जाए। इस मामले में पारदर्शी जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत सभी स्थायी एवं ठेका श्रमिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story