सूरजपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में शिवनंदनपुर नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों का शपथ ग्रहण संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में शिवनंदनपुर नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों का शपथ ग्रहण संपन्न


सूरजपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में शिवनंदनपुर नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों का शपथ ग्रहण संपन्न


सूरजपुर, 17 जून (हि.स.)। जिले के नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में बुधवार को प्रथम निर्वाचन प्रक्रिया के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवानी जायसवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सात पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण करने वाले पार्षदों में श्यामू साहू, प्रमिला साहू, मंजू खेमचंद गोयल, अंजली राजवाड़े, वर्षा जायसवाल, मनी बग्गा एवं प्रशांत अग्रवाल शामिल रहे। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कलेक्टर रेना जमील सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन पर विश्वास जताया है और अब उनकी जिम्मेदारी बढ़ गई है। जनप्रतिनिधियों को बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने तथा नागरिकों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतें दर्ज कराने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत शिवनंदनपुर के वार्ड क्रमांक 06 में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा पर उपस्थित नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल एवं सभी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर का गठन क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति है। इससे क्षेत्र सुनियोजित एवं समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिवनंदनपुर में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि नगर पंचायत का गठन क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई परिषद आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों से नगर के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील ने मुख्यमंत्री एवं उपस्थित मंत्रियों को नगर पंचायत शिवनंदनपुर की प्रशासनिक संरचना, विकास की संभावनाओं तथा प्रस्तावित कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया।

कार्यक्रम में खाद्य एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी, विधायक प्रबोध मिंज, वन विकास निगम मंडल अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story