रामानुजगंज में कन्हर नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, दशहरा मेले में बैलून बेचने आया था परिवार

WhatsApp Channel Join Now
रामानुजगंज में कन्हर नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, दशहरा मेले में बैलून बेचने आया था परिवार


बलरामपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दशहरा मेले में बैलून बेचकर परिवार की मदद करने आए झारखंड के एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब कन्हर नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।

सोमवार को दोपहर करीब एक बजे इरशाद अंसारी अपने दो चचेरे भाइयों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। करीब तीन बजे किशोर का शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, झारखंड के डालटनगंज क्षेत्र के ग्राम बंदुआ से एक परिवार दशहरा मेले में बैलून बेचने के लिए रामानुजगंज आया हुआ था। सोमवार दोपहर बैलून बेचने के बाद इरशाद अंसारी (14वर्ष ) अपने चचेरे भाइयों शमशाद अंसारी (10वर्ष ) और सफीक अंसारी (9वर्ष ) के साथ राम मंदिर के पास कन्हर नदी में नहाने चला गया। परिजनों के मुताबिक, इरशाद नहाते हुए महामाया मंदिर के पास स्थित एनीकट की ओर गहरे पानी में चला गया, जहां वह डूब गया।

किशोर के पानी में डूबने की जानकारी मिलने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। घटना की सूचना रामानुजगंज पुलिस को दी गई। इसके बाद कालिकापुर से गोताखोर बुलाए गए और नदी में खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब तीन बजे इरशाद का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज स्थित सौ बिस्तर अस्पताल भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

परिवार दशहरा पर्व के दौरान मेले में बैलून बेचकर कुछ पैसे कमाने की उम्मीद से झारखंड से रामानुजगंज आया था। लेकिन इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। किशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस मेले में परिवार कुछ कमाई की उम्मीद लेकर पहुंचा था, वहीं से अब उसे अपने बच्चे की मौत का दुख लेकर लौटना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763531 Articles

Share this story